दरभंगा, 01अक्टूबर (वार्ता) जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर गुरुवार को दरभंगा शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी सुरेश प्रसाद राय और डॉ. मोहम्मद इम्तियाज नूरानी के नामांकन में शामिल हुए। नामांकन सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के बावजूद शिक्षा और रोजगार की समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

श्री किशोर ने शिक्षकों और स्नातकों के लिए दो घोषणाएं करते हुए कहा कि शिक्षकों को लोकसभा चुनाव से पहले सातवां वेतनमान दिलाना तथा प्रत्येक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 10 हजार युवाओं को रोजगार दिलाना उनकी व्यक्तिगत गारंटी है। उन्होंने मतदाताओं से जाति और धर्म से ऊपर उठकर जन सुराज के प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने बिहार सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी टिप्पणी की और कहा कि यदि लोग 7वीं फेल व्यक्ति को हटाना चाहते हैं तो विधान परिषद चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)के साथी दल के प्रत्याशी को हराएं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए भी राज्य सरकार पर निशाना साधा।

श्री किशोर ने कहा कि विधान परिषद का यह चुनाव सरकार बनाने या हटाने का चुनाव नहीं, बल्कि सरकार को जवाबदेह बनाने और उसके कार्यक्रमों पर निगरानी रखने का अवसर है।

पटना में जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के नामांकन सभा में उपस्थित होने और उन्हें समर्थन देने में विधायक अनंत सिंह के आने के संबंध में पूछे जाने पर श्री किशोर ने कहा कि बिहार के विकास और बेहतरी के लिए पूरा बिहार उनके साथ है। ऐसे में अनंत सिंह भी साथ आए हैं तो यह कोई बड़ी बात नहीं है।

उल्लेखनीय है कि जन सुराज ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सुरेश प्रसाद राय को और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. मोहम्मद इम्तियाज नूरानी को प्रत्याशी बनाया है। पार्टी ने पहले स्नातक सीट से रविंद्र यादव को उम्मीदवार घोषित किया था, जिसे बाद में बदलकर डॉ. नूरानी को प्रत्याशी बनाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित