गोपालगंज , अक्टूबर 21 -- बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बुधवार को कहा कि शिक्षकों का सम्मान, उनके अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की प्राथमिकता है।
शिक्षा मंत्री ने शिक्षक स्थानांतरण, वित्त रहित शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों के बकाया भुगतान, चौथे चरण की शिक्षक बहाली (टीआरई-4), पुस्तकालयाध्यक्षों की बहाली और सातवें वेतनमान सहित शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
श्री तिवारी ने गोपालगंज स्थित पार्टी जोन मैरेज हॉल में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजग समर्थित प्रत्याशी आनंद पुष्कर के समर्थन में आयोजित मतदाता संवाद कार्यक्रम में शिक्षकों और मतदाताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों से विधान परिषद चुनाव में श्री पुष्कर के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षक समाज शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ है। उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करना और समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सरकार संवेदनशील है और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
श्री तिवारी ने कहा कि राजग सरकार शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिक्षकों से आनंद पुष्कर को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षकों के हितों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित