भोपाल , अगस्त 06 -- उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में मध्यप्रदेश के करीब डेढ़ लाख शिक्षकों की पात्रता परीक्षा सितंबर या अक्टूबर 2026 में आयोजित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा आयोजित कराने की जिम्मेदारी मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) को सौंपी है। मंडल ने परीक्षा की रूपरेखा तैयार कर ली है और शीघ्र ही विस्तृत विज्ञापन जारी किए जाएंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार पात्रता परीक्षा से जुड़े विवाद लंबे समय से न्यायिक प्रक्रिया में हैं। ऐसे में यह परीक्षा संबंधित शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसके परिणाम का प्रभाव उनकी सेवा और भविष्य पर पड़ सकता है।
इस बीच मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने अगस्त से दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली संभावित भर्ती परीक्षाओं का संशोधित परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया है। कैलेंडर के अनुसार सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच विभिन्न विभागों में लगभग 18 हजार से अधिक पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
ईएसबी ने स्पष्ट किया है कि जारी किया गया परीक्षा कैलेंडर संभावित है। परीक्षाओं की अंतिम तिथियां, कार्यक्रम और अन्य व्यवस्थाएं अभ्यर्थियों की संख्या तथा प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तय की जाएंगी।
मंडल ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा संबंधी नवीनतम जानकारी, विज्ञापन, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा तिथियों के लिए ईएसबी की आधिकारिक सूचनाओं पर नियमित नजर बनाए रखें। पात्रता परीक्षा सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के विस्तृत विज्ञापन शीघ्र जारी किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित