भीलवाड़ा , जुलाई 17 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के सवाईपुर क्षेत्र की नवगठित सोपुरिया ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को सुबह शिक्षकों की कमी को लेकर विद्यार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा।
विद्यार्थियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और पर्याप्त शिक्षक नियुक्त करने की मांग की। प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय में 350 से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन है, जबकि प्रधानाचार्य और शारीरिक शिक्षक सहित मात्र छह शिक्षक ही कार्यरत हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि बारहवीं तक संचालित विद्यालय में इतने कम शिक्षकों के कारण नियमित पढ़ाई नहीं हो पा रही है और कई विषयों की कक्षाएं प्रभावित हो रही हैं।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर कोटड़ी की कार्यवाहक खण्ड शिक्षा अधिकारी कल्पना कुमारी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने विद्यार्थियों और ग्रामीणों से बातचीत करके उन्हें समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद अतिरिक्त शिक्षक लगाने के आश्वासन पर विद्यार्थियों ने विद्यालय का ताला खोला और प्रदर्शन समाप्त किया।
कल्पना कुमारी ने बताया कि शिक्षकों की कमी को लेकर विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया था। फिलहाल आसपास के विद्यालयों से चार से पांच शिक्षकों की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया कि यह व्यवस्था स्थायी होगी या अस्थायी।
अब क्षेत्र के अभिभावकों और विद्यार्थियों की नजर शिक्षा विभाग पर है कि अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति स्थायी रूप से होती है या केवल कुछ समय के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करके मामला शांत किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित