बारां , जून 22 -- राजस्थान में बारां जिले के प्रभारी सचिव हरिमोहन मीणा ने सोमवार को शहर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्री मीणा ने नगर परिषद द्वारा कच्ची बस्तियों के पट्टों से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने संबंधित कार्य देख रहे नगर परिषद कर्मी नावेद से पट्टा मामलों की स्थिति के बारे में जानकारी मांगी। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित कर्मचारी द्वारा पट्टों की फाइलों का समय पर निस्तारण नहीं किया जा रहा है और कई मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखा गया है। शिकायतें सुनने के बाद प्रभारी सचिव हरिमोहन मीणा ने नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलंबन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिये।
बताया जा रहा है कि संबंधित कर्मचारी लंबे समय से कच्ची बस्ती एवं धारा 69-ए के तहत पट्टा मामलों का कार्य देख रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित