सोनीपत , अगस्त 24 -- हरियाणा के सोनीपत मे मिनी सचिवालय में सोमवार को आयोजित शिकायत निवारण शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 15 शिकायतें प्राप्त हुईं। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अजय चोपड़ा ने शिविर की अध्यक्षता करते हुए शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीसी ने कहा कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि शिकायत निवारण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने वाला गुणवत्तापूर्ण समाधान मिलना चाहिए।
शिविर में बीपीएल राशन कार्ड दोबारा जारी करने, नगर निगम के वार्ड नंबर-6 में घर के सामने जलभराव, खेवड़ा गांव में इंतकाल रद्द करने और जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की मांग सहित कई शिकायतें सामने आईं।
शास्त्री कॉलोनी में सड़क निर्माण के दौरान सरकारी कार्य में कथित बाधा डालने की शिकायत पर एडीसी ने नगर निगम के संबंधित जूनियर इंजीनियर को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित