देवास , मई 10 -- मध्यप्रदेश में देवास शहर के नई आबादी क्षेत्र में कचरा गाड़ी नहीं आने की शिकायत को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों पर एक युवक की मोटरसाईकिल में पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार फरियादी रवि सेनिया ने शिकायत दर्ज कराई है कि पिछले कई दिनों से उनकी गली में कचरा गाड़ी नहीं आ रही थी। इस संबंध में उन्होंने नगर निगम में शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायत के बाद कचरा गाड़ी चालकों से चर्चा होने पर उन्हें धमकी दी गई थी।
फरियादी के अनुसार देर रात शुभम वेद, लकी वेद सहित अन्य आरोपी उनके घर के बाहर पहुंचे और खड़ी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आगजनी में बाइक पूरी तरह जल गई तथा पास में खड़े एक ठेले को भी नुकसान पहुंचा।
घटना का घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात कही जा रही है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
जांच अधिकारी राजेश नायला ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित