सहारनपुर , जून 24 -- सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद की अध्यक्षता में बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में डिस्ट्रिक्ट इलेक्ट्रिसिटी कमेटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई विद्युत समस्याओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त पत्रों पर त्वरित कार्रवाई कर उन्हें अवगत कराया जाए।
बैठक में महापौर डॉ. अजय सिंह, विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेंद्र निम, विधायक उमर अली खान, विधायक आशु मलिक, एमएलसी शाहनवाज खान तथा जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अभियंता ने पिछली बैठक के कार्यवृत्त के बिंदुवार अनुपालन की जानकारी देते हुए जर्जर तारों के प्रतिस्थापन, विद्युत परिवर्तकों की क्षमता वृद्धि और नए विद्युत संयोजनों से संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में अविद्युतीकृत कॉलोनियों, एलटी लाइनों के विस्तार तथा क्षमता वृद्धि से जुड़े लंबित कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
सांसद इमरान मसूद ने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सभी पत्रों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और उनकी प्रगति से संबंधित रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने शाकंभरी देवी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के दौरान बीच सड़क में आ रहे विद्युत खंभों को प्राथमिकता के आधार पर सड़क किनारे स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों की खराबी, जर्जर विद्युत पोल, विद्युत कनेक्शन, जर्जर लाइनों, लाइन शिफ्टिंग और अन्य उपभोक्ता समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र उपभोक्ताओं को सरकार की मंशा के अनुरूप समय पर विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं तथा विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
सांसद ने लंबे समय से लंबित नर्सरी कनेक्शन संबंधी समस्या के समाधान के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि विभागीय कार्यों में सहयोग के लिए सदैव तत्पर हैं और विभाग को भी जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।
बैठक में सांसद कुंवर इकरा हसन के प्रतिनिधि परवेज आलम, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, मुख्य अभियंता राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता रविंद्र बाबू, राम सुरेश वर्मा, दीपक कुमार सहित विद्युत विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित