चंडीगढ़ , फरवरी 27 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की चंडीगढ़ इकाई के एक प्रतिनिधिमंडल ने चरणजीत सिंह विली के नेतृत्व में चंडीगढ़ के प्रशासक और पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की।
इस प्रतिनिधिमंडल में चरणजीत सिंह विली, बलविंदर सिंह, जबरजंग सिंह, मनदीप सिंह, राजीव तुली और निर्भय सिंह शामिल थे। बैठक के दौरान, प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ के नागरिकों से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषय उठाये, जिनमें दल-बदल विरोधी कानून को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग, मेयर के कार्यकाल के विस्तार और उनकी शक्तियों में वृद्धि, फ्लोर-वाइज़ रजिस्ट्री की अनुमति, हाउसिंग बोर्ड के निवासियों को निर्माण संबंधी मुद्दों में राहत, और जीपीए संपत्तियों का मालिकाना हक हस्तांतरण, पंजाब-यूटी कैडर अनुपात (60:40) की बहाली, आधिकारिक भाषा को अंग्रेजी से बदलकर पंजाबी करना, गांवों और कॉलोनियों का विकास, सेक्टर डिस्पेंसरियों और अस्पतालों का अपग्रेडेशन, धार्मिक स्थलों का संरक्षण, स्मार्ट पार्किंग प्रणाली का बेहतर प्रबंधन, और प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए नवीनतम तकनीक का उपयोग, चंडीगढ़ में मेट्रो या मोनो रेल की तत्काल आवश्यकता और व्यावसायिक संपत्तियों की दरों का नए सिरे से मूल्यांकन करना शामिल थे।
चरणजीत सिंह विली ने शुक्रवार को जानकारी दी कि प्रशासक ने प्रतिनिधिमंडल के उठाये गये सभी मुद्दों को बहुत धैर्यपूर्वक सुना और इन समस्याओं के समाधान के लिए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित