मुंबई , जून 20 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को 'ऑपरेशन टाइगर' के बीच उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना पर निशाना साधते हुए कहा कि अब शिवसेना में कोई गुट नहीं बचा है और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी ही असली शिवसेना है।
श्री शाह ने पश्चिम महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित प्रसिद्ध महालक्ष्मी मंदिर में परिवार देवता मंदिर के संरक्षण कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "पहले हमें एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना कहना पड़ता था, लेकिन अब कोई गुट नहीं बचा है। अब केवल एक ही शिवसेना है।"इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। श्री शाह ने महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन करने के बाद मंदिर परिसर में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया और पश्चिम महाराष्ट्र मंदिर विकास योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का विस्तार पूरे देश में हुआ है। उन्होंने पश्चिम बंगाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी भाजपा को जनता का समर्थन मिला है। श्री शाह ने कहा कि देश में अवैध घुसपैठ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कांग्रेस और उद्धव ठाकरे पर घुसपैठियों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है और यहां वही लोग रहेंगे जिनका इस देश से वैधानिक संबंध है।
श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने ग्रामीण एवं शहरी विकास, सहकारिता, कृषि, विनिर्माण, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और नयी प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि चंद्रयान मिशन ने देश का गौरव बढ़ाया है और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ।
उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, केदारनाथ, बदरीनाथ, सोमनाथ और कामाख्या कॉरिडोर जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक परियोजनाओं पर तेजी से काम हुआ है। इसी क्रम में अब कोल्हापुर में अंबाबाई मंदिर और आध्यात्मिक कॉरिडोर का विकास किया जा रहा है।
श्री शाह ने बताया कि करीब 1,500 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली इस परियोजना के तहत मंदिर परिसर और आसपास के 41 छोटे-बड़े मंदिरों का संरक्षण किया जाएगा। आधुनिक तकनीक, एआई आधारित निगरानी प्रणाली, प्रकाश व्यवस्था, विरासत दीर्घा, बहुउद्देशीय सभागार और अन्य सुविधाओं के साथ इसे एक प्रमुख तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत का इतिहास जब भी लिखा जाएगा, श्री मोदी के नेतृत्व के पिछले 12 वर्ष देश के विकास, सांस्कृतिक पुनर्जागरण, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के लिए याद किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित