अलवर , अगस्त 04 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16 अगस्त को राजस्थान में अलवर दौरे पर रहेंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि इस दौरे के दौरान श्री शाह सरस डेयरी में करीब 250 करोड़ रुपए की लागत से लगने वाले नये संयंत्र का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वह अलवर मेडिकल कॉलेज के नये भवन का उद्घाटन करके जिले वासियों को बड़ी सौगात देंगे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे। गृह मंत्री सरस डेयरी परिसर स्थित मैदान में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर मंगलवार को वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक में जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला सहित पुलिस और प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और जनसभा स्थल की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित