गांधीनगर , जनवरी 13 -- केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुजरात में गांधीनगर जिले की माणसा नगरपालिका के विभिन्न विकास कार्यों का मंगलवार को उद्घाटन व शिलान्यास किया।

श्री शाह ने इस अवसर पर अपने सम्बोधन में कहा कि प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात सहित देशभर में विकास और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के एक नए युग की शुरुआत हुई है। माणसा क्षेत्र बहुत ही महत्वपूर्ण स्ट्रैटेजिक लोकेशन पर स्थित है और उसके संपूर्ण विकास का सतत प्रयास किया जा रहा है।

गुजरात सरकार ने माणसा क्षेत्र में बराज का कार्य शुरू किया है। साथ ही, रामपुर माणसा क्षेत्र में दूसरा बराज और गांधीनगर के पास तीसरा बराज बनाने का प्रावधान है ताकि उन्नत जल प्रबंधन के तहत हानिकारक फ्लोराइड-मिले जल से जनमानस को मुक्ति मिले और आने वाली पीढ़ियों को लाभ मिल सके।

श्री अमित शाह ने कहा कि माणसा क्षेत्र में नया सिविल हॉस्पिटल बनाया जायेगा, वर्ष 2030 तक अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस 11 मंजिला अस्पताल के बन जाने के बाद किसी को भी इलाज के लिए माणसा से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। नया सिविल हॉस्पिटल बनने के बाद एसडी आर्ट्स एवं बीआर कॉमर्स कॉलेज कैंपस के अंदर मेडिकल कॉलेज की शुरुआत भी की जाएगी। 110 करोड़ रुपये के खर्चे से माणसा से पिलवाई के बीच हाईवे और 100 करोड़ रुपये की लागत से बलवा से गोचरिया का निर्माण किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने 11 तारीख से पूरा एक वर्ष 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' की शुरुआत की, एक हजार वर्ष पहले अपना भव्य सोमनाथ का मंदिर मोहम्मद गजनी ने तोड़ा था, फिर लगातार अलाउद्दीन खिलजी, अहमद शाह, मोहम्मद बेगड़ा, औरंगजेब, लगातार ये लोग मंदिर तोड़ते रहे और हमारे पूर्वज नया बनाते रहे, तोड़ने वालों को तोड़ने में विश्वास था, बनाने वालों को बनाने में विश्वास था। एक हजार वर्ष बाद देखो, तोड़ने वाले कहीं न कहीं गुम हो गए और सोमनाथ का मंदिर आज भी अडिग समुन्द्र के किनारे खड़ा है।

यह सोमनाथ का मंदिर सरदार पटेल, के एम मुंशी, जाम साहेब और अपने पहले राष्ट्रपति राजेन्द्र प्रसाद जैसे महानुभावों ने संकल्प करके पुनर्निर्माण किया, संकल्प के पीछे का आशय क्या था कि सोमनाथ पर किया गया हमला, वो केवल मंदिर पर का हमला नहीं बल्कि, हमारे विश्वास, हमारे धर्म और हमारे स्वाभिमान पर हमला था और उसका जवाब हमले से नहीं हो सकता, इसका जवाब स्वाभिमान की रक्षा से ही हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित