नयी दिल्ली , अगस्त 12 -- गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा-नीट के लीक होने से जुड़े आंदोलन के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने का आग्रह करते हुए कहा है कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।
श्री शाह ने पत्र में कहा कि इस विषय पर सर्वदलीय कार्यसमिति की बैठक में संसदीय कार्य मंत्री किरेण रिजिजू ने सरकार की ओर से चर्चा करने का अनुरोध किया था। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से विपक्ष के नेताओं से चर्चा कर उनकी सहमति से इस मुद्दे पर चर्चा के लिए उचित समय आवंटित करने का आग्रह किया।
गृह मंत्री ने कहा कि वह सदन में उपस्थित रहकर इस मुद्दे पर चर्चा में भाग लेने और विपक्ष के सदस्यों के प्रश्नों का उत्तर देने के लिए तैयार है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में चर्चा और संवाद से ही समाधान निकलता है। गृहमंत्री ने कहा कि उनका लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं में अटूट विश्वास है तथा संसद संवाद के लिए है।
श्री शाह ने लोकसभा अध्यक्ष से विपक्ष के नेताओं से चर्चा कर इस महत्वपूर्ण विषय पर अच्छे वातावरण में चर्चा कराने का आग्रह किया, ताकि पक्ष और विपक्ष के सभी सदस्य अपने बहुमूल्य मत एवं विचार प्रस्तुत कर सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित