चंडीगढ़ , नवंबर 01 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को चंडीगढ़ में करीब 250 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, मेयर सौरभ जोशी, राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
गृह मंत्री ने कहा कि एक नवंबर चंडीगढ़, हरियाणा और चंडीगढ़ पुलिस के लिए ऐतिहासिक दिन है। इसी दिन 1966 में चंडीगढ़ और हरियाणा की स्थापना हुई थी तथा चंडीगढ़ पुलिस की शुरुआत हुई थी। उन्होंने चंडीगढ़ को देश का बेहतरीन नियोजित शहर बताते हुए कहा कि यह पूरे उत्तर भारत की आत्मा है।
श्री शाह ने रायपुर कलां में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंतरराज्यीय बस डिपो और पुलिस कर्मचारियों के लिए 68 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 191 टाइप-3 आवासों का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस के जवानों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। पुलिस को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए करीब 150 वाहन भी उपलब्ध करवाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति का निशान मिलना गर्व की बात है। सरकार का लक्ष्य है कि आगामी वर्षों में पुलिस आवास संतुष्टि के मामले में चंडीगढ़ देश में पहले स्थान पर पहुंचे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित