पुड्डुचेरी , अप्रैल 01 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम.के. स्टालिन छह अप्रैल को विधानसभा चुनावों के लिए केंद्र शासित प्रदेश में प्रचार करेंगे।

गौरतलब है कि पुड्डुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा। श्री शाह के दौरे से पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन अप्रैल को पुड्डुचेरी पहुंचेंगे और यहाँ अजंता सिग्नल जंक्शन से अन्ना स्क्वायर तक एक रोड शो करेंगे। वह तीन अप्रैल को अपराह्न में चेन्नई हवाई अड्डे पर पहुँचेंगे और वहाँ से हेलीकॉप्टर द्वारा पुड्डुचेरी आएंगे। रोड शो में हिस्सा लेने के बाद श्री मोदी चेन्नई के लिए रवाना हो जाएँगे, जहाँ वह भाजपा नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

प्रधानमंत्री चार अप्रैल को शहर की मायलापुर सीट पर प्रचार करेंगे, जहाँ भाजपा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुश्री तमिलिसाई सौंदरराजन चुनाव लड़ रही हैं। वह वहां पर भी रोड शो कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के रोड शो को देखते हुए यहाँ सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। उनके निजी सुरक्षाकर्मी पुड्डुचेरी पहुँच चुके हैं और उन्होंने यहाँ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत की है। उन्होंने रोड शो के पूरे मार्ग का निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने उन्हें नक्शे की मदद से पूरी जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित