जौनपुर , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने शुक्रवार की देर शाम कहा कि आगामी 24, 25 और 26 मार्च को ऐतिहासिक शाही किले में जौनपुर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

तीन दिवसीय महोत्सव के भव्य आयोजन के संबंध में श्री यादव की अध्यक्षता एवं विधायक मडियाहू डॉ आरके पटेल और जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार की देर शाम बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर राज्यमंत्री जी के द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

श्री यादव ने बताया कि जौनपुर महोत्सव 24, 25और 26 मार्च 2026 को शाही किले में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है, उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जौनपुर महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक रूप से आयोजित किया जाए, जिससे जनपद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक परंपराओं को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जा सके। उन्होंने कहा कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों तथा लोक संस्कृति को विशेष स्थान दिया जाए, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित