जौनपुर , मार्च 25 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास, शहरी समग्र विकास एवं ऊर्जा और प्रभारी मंत्री जौनपुर ए० के० शर्मा की उपस्थिति में ऐतिहासिक शाही किले में मंगलवार को तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुआ, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से ओत-प्रोत हो गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी के अनुसार लगभग 623 जोड़ो का विवाह संपन्न हुआ, जिसमें 11 मुस्लिम जोड़ो का विवाह सम्पन्न कराया गया।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में नवयुगलों ने परिणय सूत्र में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। प्रभारी मंत्री ए0 के0 शर्मा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, विधायक मडियाहूं डॉ. आर. के. पटेल, सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह प्रिंशू, नगर पलिका अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्या सहित अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ए०के० शर्मा ने कहा कि जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज सामूहिक विवाह कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री जी द्वारा संचालित यह योजना विशेष रूप से गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में आने वाली आर्थिक कठिनाइयों को दूर करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हो सके।

इस आयोजन में सभी धर्मों के रीति-रिवाजों का सम्मान करते हुए विवाह सम्पन्न कराए जाते हैं, हिंदू रीति से पंडितों द्वारा तथा मुस्लिम समुदाय के लिए निकाह की विधिवत व्यवस्था की जाती है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

इस दौरान राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार, खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीब एवं असहाय परिवारों के बेटियों के विवाह में सहयोग प्रदान करना शासन की प्राथमिकता है। ऐसे सामूहिक विवाह कार्यक्रम न केवल आर्थिक सहायता प्रदान करते हैं, बल्कि सामाजिक समरसता, एकता एवं भाईचारे की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।

जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र ने कहा कि जौनपुर महोत्सव जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने बताया कि महोत्सव के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे प्रतिभागियों एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्ग को सम्मानजनक सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जो शासन की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रत्यक्ष उदाहरण है। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर कार्यक्रम को और भी आकर्षक बनाया।

इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, सहित अन्य अधिकारीगण एवं आमजनमानस उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित