नयी दिल्ली , मई 27 -- दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा है कि यहाँ शाहबाद डेयरी में आम नागरिकों के लिए मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है और क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगी है।
श्री रविन्द्र इन्द्राज ने आज शाहबाद डेयरी के सी-ब्लॉक, सुनहरी चौक तथा लाला स्कूल रोड, शाहबाद डेयरी, बवाना में सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि उक्त विकास कार्य मुख्यमंत्री विकास निधि के अंतर्गत कराए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना तथा नागरिकों को बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि शाहबाद डेयरी क्षेत्र में लंबे समय से सड़कों और नालियों की स्थिति अत्यंत खराब थी, जिसके कारण लोगों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि बवाना विधानसभा के अंतर्गत सभी क्षेत्रों में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं तथा जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शाहबाद में कोई भी ऐसा ब्लॉक नहीं छोड़ा जाएगा जहां पीने के पानी की समस्या बनी रहे। जिन क्षेत्रों में अब तक पानी की पाइपलाइन नहीं पहुंची है, वहां नई पाइपलाइन डालने का कार्य तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शाहबाद डेयरी में आम नागरिकों के लिए मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है और क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगी है। लगातार शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों के माध्यम से विकास कार्य धरातल पर उतारे जा रहे हैं।
समाज कल्याण मंत्री ने अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में समयबद्धता और समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी सड़क को खोदने से पहले उसके निर्माण एवं पूर्ण होने की समय-सीमा तय की जाए तथा यदि कोई सड़क लंबे समय तक अधूरी या खुदी हुई पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी गुणवत्ता भी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता स्वयं कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण करे और यदि कहीं गुणवत्ता में कमी दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल दी जाए। मंत्री ने स्वयं भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने की बात कही और कहा कि कार्य इस प्रकार होना चाहिए कि आने वाले वर्षों तक लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित