सागर , मई 12 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के सानौधा थाना अंतर्गत शाहपुर चौकी क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार वार्ड क्रमांक 7 शाहपुर निवासी सूरज अहिरवार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि शराब बेचने के संदेह को लेकर आरोपी नीलेश अहिरवार, भगवत पटैल, अंशुल यादव, छोटू उर्फ हर्ष सिंह लोधी और अभिषेक पटैल ने फरियादी तथा नीरज प्रजापति का रास्ता रोककर गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए लाठी एवं लोहे की रॉड से हमला किया।

घटना में गंभीर रूप से घायल नीरज प्रजापति की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि घायल सूरज अहिरवार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपियों ने मृतकों की मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ की और अपनी बोलेरो वाहन को सड़क किनारे खंती में उतारकर घटना को सड़क हादसा दर्शाने का प्रयास किया।

पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीमों ने मंझला, भडराना, बूड़ा खेड़ा, धबौली, शाहपुर और किन्द्रह सहित कई स्थानों पर दबिश दी।

मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने शाहपुर में दबिश देकर आरोपी नीलेश अहिरवार को गिरफ्तार किया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन गिरने से उसके पैर में चोट आ गई। वहीं दूसरी टीम ने अमोदा तिराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी अंशुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी नीलेश अहिरवार के खिलाफ पूर्व में विभिन्न थानों में आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसे जिला बदर भी किया जा चुका है। आरोपी अंशुल यादव के खिलाफ थाना बण्डा में मारपीट का प्रकरण दर्ज है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित