बैतूल , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के शाहपुर जनपद पंचायत सभागार में आयोजित एक सरकारी समीक्षा बैठक के दौरान प्रोटोकॉल को लेकर विवाद हो गया। क्षेत्रीय विधायक गंगाबाई उईके ने बैठने की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित छात्रावासों और आश्रमों में रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई थी। इसमें राज्य जनजाति आयोग के सदस्य मंगल सिंह धुर्वे, जनपद पंचायत अध्यक्ष शिवशंकर मवासी, उपाध्यक्ष रोशनी ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विधायक गंगाबाई उईके के सभागार पहुंचने पर उनके लिए निर्धारित सीट उपलब्ध नहीं थी। इसे लेकर उन्होंने अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त की और व्यवस्थाओं पर आपत्ति जताते हुए बैठक छोड़कर बाहर चली गईं।
विधायक के बैठक से बाहर जाने के बाद अधिकारियों ने निर्धारित एजेंडे के अनुसार समीक्षा बैठक की कार्यवाही जारी रखी। इस संबंध में ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर (बीआरसी) शाहपुर जी.आर. बर्ई ने कहा कि विधायक के लिए कुर्सी लगाई गई थी, लेकिन उनके देर से पहुंचने के कारण उस पर अन्य जनप्रतिनिधि बैठ गए थे। विधायक का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित