बैतूल , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में औचक निरीक्षण के दौरान 10 डॉक्टर और कर्मचारी अनुपस्थित मिले। प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा ने अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को लेकर नाराजगी जताते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने गुरुवार शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर का निरीक्षण कर उपस्थिति पंजी की जांच की। इस दौरान दो आरबीएसके चिकित्सक, एक लैब टेक्नीशियन, एक फार्मासिस्ट, दो एएनएम, एक पोषण प्रशिक्षक और तीन अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। संबंधित कर्मचारियों को उपस्थिति पंजी में अनुपस्थित दर्ज किया गया।

निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी बीएमओ एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके रघुवंशी, चिकित्सा अधिकारी डॉ. यश अहिरवार, डॉ. पलास कापसे, डॉ. महिमा सिंग और बीसीएम क्रांति यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे। सीएमएचओ ने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध वेतन कटौती की कार्रवाई के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित