शाहजहांपुर , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले की कटरा पुलिस ने शुक्रवार देर रात एक अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 430 ग्राम अवैध अफीम और एक कार बरामद की है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है।
क्षेत्राधिकारी तिलहर सीओ विदुष सक्सेना ने शनिवार को बताया कि थाना कटरा क्षेत्र के हुलास नगला पुल से करीब 20 मीटर आगे एक युवक को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान बदायूं जिले के बिसौली क्षेत्र के धर्मपुर बिहारीपुर निवासी आकाश (26) के रूप में हुई ।पुलिस ने उसके कब्जे से 430 ग्राम अफीम, एक मोबाइल फोन तथा टाटा नेक्सॉन कार बरामद की। कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।
उन्होंने पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के हवाले से बताया कि गिरफ्तार तस्कर आकाश अफीम गोरखपुर से लेकर आया था और इसे बरेली बस स्टैंड के पास रहने वाले तस्लीम नामक व्यक्ति को देने जा रहा था। आरोपी ने अवैध रूप से अफीम की खरीद-फरोख्त कर परिवार का पालन-पोषण करने की बात बताई है।कटरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध बरेली जिले के भमोरा थाने में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित