शाहजहांपुर , अगस्त 10 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना मिर्जापुर क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले पंजाब के दो युवकों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15.074 किलोग्राम डोडा और 48 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने सोमवार को बताया कि थाना मिर्जापुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार रात ग्राम कुनिया शाहनजीरपुर बाजार के पास करीब घेराबंदी कर सुलख्खन सिंह (37), मानसिंह (22) और दृगपाल (60) को गिरफ्तार किया गया। सुलख्खन और मानसिंह पंजाब के पटियाला जिले के निवासी हैं और वर्तमान में मोहाली में रह रहे थे, जबकि दृगपाल शाहजहांपुर जिले के मिर्जापुर क्षेत्र के बहरिया गांव का रहने वाला है।
उन्होंने बताया कि पुलिस को तलाशी के दौरान एक काले रंग के धारीदार बैग से 9.992 किलोग्राम तथा एक काले रंग के पिट्ठू बैग से 5.082 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ। आरोपियों के पास से 48 हजार रुपये और दो एंड्रॉयड तथा एक कीपैड मोबाइल फोन भी मिले।
पूछताछ में सुलख्खन और मानसिंह ने पुलिस को बताया कि वे पंजाब से डोडा खरीदने दृगपाल के पास आए थे और बरामद रुपये उसे देने थे। पुलिस के मुताबिक दृगपाल ने पूछताछ में बताया कि वह डोडा किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदता था और उसे बेचकर होने वाले मुनाफे से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
पुलिस ने गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ मिर्जापुर थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/15 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार दृगपाल के खिलाफ वर्ष 2012 में भी मारपीट, बंधक बनाने, अपहरण और दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित