शाहजहांपुर , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मामले में 13 अगस्त से वांछित चल रहे दो आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बुधवार को बताया कि थाना तिलहर क्षेत्र के गांव सहबेगपुर निवासी सुरेंद्र प्रधान और वीपी के विरुद्ध तिलहर थाने में 13 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में 191(2), 191(3), 352, 351(3), 103(1), 3(5) अभियोग पंजीकृत किया गया था।दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से 10 सितंबर को वारंट भी जारी कराया गया है।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। पुलिस ने आरोपियों के संबंध में सही एवं विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को नियमानुसार घोषित पुरस्कार राशि देने की बात कही है। साथ यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि उक्त अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में मारे जाते हैं, तो पुरस्कार की स्वीकृति प्रकरण की जाँच पूर्ण होने के उपरान्त ही की जाएगी। यदि उक्त अभियुक्तों पर पुलिस महानिरीक्षक अथवा किसी अन्य उच्चाधिकारी द्वारा इससे अधिक धनराशि का पुरस्कार घोषित किया जाता है, तो पूर्व में घोषित पुरस्कार स्वतः समाप्त माना जाएगा तथा अधिकतम घोषित पुरस्कार धनराशि ही मान्य होगी।

पुलिस अधीक्षक ने आमजनता से अपील की है यदि उपरोक्त वांछित अभियुक्तों के संबंध में किसी व्यक्ति को कोई सही एवं विश्वसनीय जानकारी प्राप्त होती है, तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस को सूचित करें, जिससे अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित