शाहजहांपुर , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना जलालाबाद क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार कार ने स्कूली बच्चों से भरा ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।इस हादसे में ई रिक्शा में सवार 10 छात्र घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
पुलिस अधिकारी जलालाबाद ज्योति यादव ने शनिवार को बताया कि थाना जलालाबाद क्षेत्र के बारहपत्थर चौराहे के पास ई रिक्शा चालक रुपेश सक्सेना सरस्वती शिशु मंदिर के छात्रो को छुट्टी के बाद घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान याकूबपुर की ओर से आ तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गया। कार चालक टक्कर मारने के बाद कार मौके पर छोड़ कर फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल छात्रों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित