शाहजहांपुर , अप्रैल 08 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना कलान क्षेत्र में मंगलवार को सरकारी जमीन पर बने मकान पर अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम के सामने पिता ने अपने दो पुत्रों के साथ पेड़ पर चढ़कर फांसी लगाने का प्रयास किया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी लोगों को फांसी के फंदे से बचाकर नीचे उतारा जिसमें एक व्यक्ति को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। जलालाबाद के उप जिलाधिकारी प्रभात कुमार राय ने बुधवार को बताया कि थाना जलालाबाद क्षेत्र के मगटोरा गांव में रहने वाले धनपाल ने चकरोट की सरकारी जमीन पर अपना मकान बना लिया था, जिसकी तहसीलदार के न्यायालय में बेदखली का आदेश भी दिया गया था। इसके बाद धनपाल इसी निर्णय को लेकर उच्च न्यायालय चला गया जहां पुनः मामले की सुनने का आदेश हुआ था।

उन्होंने कहा कि इसके बाद तहसीलदार के न्यायालय ने पूरे मामले की पुनः सुनवाई की, जिसके बाद बेदखली का आदेश पुनः किया गया।

उन्होंने कहा कि कल राजस्व विभाग टीम तथा पुलिस कर्मी गांव गए और उन्होंने सरकारी भूमि से कब्जा हटाने को कहा। इसके बाद धनपाल आक्रोश में आ गया तथा फांसी लगाने के लिए पेड़ पर चढ़ गया। पीछे से उसके उसके दो पुत्र भी पेड़ों पर चढ़ गए। मौके पर मौजूद पुलिस ने तीनों को नीचे उतार लिया। इसके बाद टीम वापस लौट आई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित