शाहजहांपुर , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना मदनापुर क्षेत्र में मंगलवार को संपत्ति विवाद के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने बुधवार को बताया कि थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव बरी खास गांव में कल देर रात श्याम सुंदर (25) की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। जबकि उसके भाई बृजमोहन के सिर पर किसी वजनदार वस्तु से प्रहार करके उसे भी घायल कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि मृतक तथा उसका भाई अपने नाना के यहां रहते थे नाना के कोई बेटा नहीं था। ऐसे में उन्होंने अपने नाती श्याम सुंदर के नाम पर अपनी संपत्ति की वसीयत कर दी थी, इसी को लेकर नाना के भतीजे मृतक से रंजिश मानते थे।

श्री दीक्षित ने बताया कि मृतक अपने खेत पर जानवरों को लिए वरसीन काटने गया था वहां मृतक के नाना के भतीजे से उसकी कहा सुनी हो गई बाद में यह अपने घर चले आए देर रात आरोपी उसके घर आए और जब श्याम सुंदर बाहर आया तो उसे गोली मार दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है वहीं घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी धनवीर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित