शाहजहांपुर , सितम्बर 21 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना पुवायां क्षेत्र में रविवार शाम श्मशान घाट की मर्यादा को तार-तार कर तीन युवक शराब के नशे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की जलती चिता की आग पर मीट पका रहे थें। मृतक के बेटे और रिश्तेदारों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया जबकि उसके दो साथी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर फरार अन्य दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्राधिकारी पुवायां (सीओ) प्रवीण मलिक ने सोमवार को बताया कि थाना पुवायां क्षेत्र के गांव नत्थपुर में शनिवार को बुजुर्ग छोटे लाल की बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। रविवार को परिजनों और ग्रामीणों ने गांव के श्मशान घाट में छोटे लाल का अंतिम संस्कार कर दिया और सभी लोग बहा से अपने घर चले आए। शाम को मृतक का बेटा वीरपाल कुछ रीति रिवाज के अनुसार श्मशान घाट पर पिता की चिता पर दूध चढ़ाने गया था। तभी उसने देखा कि तीन लोग रामचरन, राजेन्द्र और सुरेन्द्र सिंह पिता की चिता की आग पर बर्तन में मीट पका रहे थे जिसका वीरवाल ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौच की और जान से मारने की धमकी दी।
उन्होंने बताया कि वीरपाल की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी सुरेंद्र सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके दो साथी रामचरण और राजेंद्र मोटर साइकिल से फरार फरार हो गए ।पुलिस ने पुवायां थाने में वीरपाल की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 301, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी रामचरन और राजेन्द्र को नत्थापुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित