शाहजहांपुर , मई 13 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने विद्युत उपकेंद्रों, विद्युत लाइनों एवं निजी नलकूपों से विद्युत तार चोरी कर सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने वाले संगठित अंतर्जनपदीय गिराह के 11 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का विद्युत तार, अवैध तमंचे, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन, वाहन एवं घटना में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने बुधवार को बताया कि मदनापुर के अवर अभियंता ब्रजमोहन पांचाल ने चार मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि मदनापुर से जलालाबाद जाने वाली 33 केवी लाइन के करीब 12 विद्युत पोल से डॉग कंडक्टर विद्युत तार और अन्य सामग्री चोरी कर ली गई थी। साथ ही पांच पोल क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे। उसके बाद जलालाबाद के अवर अभियंता जगदीश सिंह ने भी तार चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए खुलासे के लिए दो टीम का गठन किया गया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पाल धर्मकांटा गांव हीरानगर स्थित एक गोदाम पर दबिश देकर रंजीत वर्मा ,राहुल गुप्ता देवेश गुप्ता अब्दुल करीम नसरुद्दीन शाह विनीश वर्मा ,विपिन गुप्ता ,संजीव कुमार ,संचित सिंह पंकज मिश्रा रोहित पाल को गिरफ्तार किया। इन पर गौतम बुद्ध नगर, बरेली शाहजहांपुर में कई मुकदमे दर्ज है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार कुंतल डॉग कंडक्टर (04 बंडल), लगभग 02 कुंतल रैबिट कंडक्टर(10 बंडल), 08 मोबाइल फोन, 02 लाख रूपये नगद 02 बोलेरो पिकअप वाहन तथा 01 बुलेट क्लासिक मोटरसाइकिल बिना नम्बर प्लेट, तथा 01 तार कटर बरामद किया गया।
भंवरे ने बताया कि बरामदगी के आधार पर स्थानीय थाने पर धारा 310(4) /310 (5) बीएनएस व 3/25 आयुध अधिनियम पंजीकृत किया गया। साथ ही पूर्व दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) /317(4) बीएनएस की वृद्धि की गयी है। अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित