शाहजहांपुर , सितंबर 01 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले जिले के थाना निगोही क्षेत्र में सोमवार को पुलिस ने एक विद्युत संविदाकर्मी के मकान से पांच बने हुए तथा कई अधबने विद्युत ट्रांसफार्मर और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। विद्युत विभाग के अधिकृत ठेकेदार ने बरामद ट्रांसफार्मरों के चोरी के होने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

क्षेत्राधिकारी सदर शुभम वर्मा ने मंगलवार को बताया कि निगोही थाना क्षेत्र के उदरिया गांव में सोमवार को विद्युत संविदाकर्मी एवं लाइनमैन पूरनलाल के मकान पर कार्रवाई करते हुए पांच विद्युत ट्रांसफार्मर, कई अधबने ट्रांसफार्मर तथा ट्रांसफार्मर बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए।विद्युत विभाग के अधिकृत ठेकेदार ओपी वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में आशंका जताई है कि बरामद ट्रांसफार्मर चोरी के हो सकते हैं। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने बताया कि पूरनलाल के परिजनों का कहना है कि वह घर पर खराब विद्युत ट्रांसफार्मरों की मरम्मत का काम करते हैं और इसी सिलसिले में ट्रांसफार्मर वहां रखे गए थे।पुलिस ने बरामद ट्रांसफार्मरों और अन्य सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद ट्रांसफार्मर चोरी के हैं या मरम्मत के लिए रखे गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित