शाहजहांपुर 31मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना तिलहर क्षेत्र में मौसेरी बहन से शादी करने की जिद में मोबाइल के ऊंचे टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने वाले युवक ने घंटो हंगामा किया। पुलिस ने बमुश्किल युवक को समझाबुझा कर नीचे उतारा।

पुलिस क्षेत्राधिकारी तिलहर (सीओ) ज्योति यादव ने मंगलवार को बताया कि थाना तिलहर क्षेत्र के गांव कछियानी खेड़ा निवासी राजू पाल (23) अपनी मौसेरी बहन से पिछले आठ सालों से एकतरफा प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था। लड़की के परिवार ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया जिससे नाराज होकर राजू गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने की कोशिश करती रही। आखिरकार पुलिस की सूझबूझ से युवक को रेस्क्यू कर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

उन्होंने बताया कि युवक को टावर से उतरने के बाद तिलहर पुलिस ने हिरासत में लेकर निगरानी में रखा है। साथ ही उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है ताकि वह मानसिक रूप से सामान्य हो सके और भविष्य में इस तरह का कदम न उठाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित