शाहजहांपुर , जून 29 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना मिर्जापुर क्षेत्र में रविवार देर रात को विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे मोटरसाइकिल सवार की स्कूटी से जबदस्त भिडंत में मोटरसाइकिल सवार दो लागों की मौत हो गयी और एक बच्चा घायल हो गया। दुर्घटना के बाद स्कूटी सवार मौके से फरार हो गया।

क्षेत्राधिकारी जलालाबाद ज्योति यादव ने सोमवार को बताया कि थाना मिर्जापुर क्षेत्र के बदायूं बरेली राज्य मार्ग पर मंदिर के पास मोटरसाइकिल और स्कूटी में आमने सामने की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार एक बच्चा सहित तीन लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जरियनपुर स्वास्थ्य केन्द्र पर इलाज के लिए ले गई जहां डॉक्टर ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया जबकि बच्चे का उपचार चल रहा है।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान फर्रुखाबाद जिले के गांव नहरैया के रहने वाले प्रमोद कुमार (25) और हरदोई जिले के थाना सवायजपुर क्षेत्र के गांव बड़ौदा निवासी रजत (20) के रूप में हुयी है। दोनों आपस में रिश्तेदार है। घायल हुए बच्चे आयुष (छह) का अस्पताल में इलाज चल रहा।

क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि मृतकों की जेब से मिले मोबाइल से उनके परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दे दी गई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरो की मदद से दुर्घटना में फरार स्कूटी सवार की तलाश में जुटी है।तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित