शाहजहांपुर , मई 12 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले की कलान तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक रामकुमार श्रीवास्तव को भूमि से संबंधित मेड़बंदी पत्रावली न्यायालय में दाखिल न करने के आरोप में जिलाधिकारी ने निलंबन के आदेश जारी किए है।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को बताया कि जनता दर्शन में तहसील कलान क्षेत्र के गांव दोषपुर के रहने वाले प्रार्थी आदेश कुमार ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 0.162 हेक्टेयर भूमि की मेड़बंदी के लिए उन्होंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन क्षेत्रीय कानूनगो रामकुमार श्रीवास्तव द्वारा कच्ची तूदाबंदी किए जाने के बावजूद आज तक मेड़बंदी पत्रावली न्यायालय में दाखिल नहीं की गई।
शिकायत में यह भी कहा कि गांव के ही रहने वाले विपक्षी गुरुदेव व सुखदेव तथा कुमरौर गांव की कंचन पत्नी नेत्रपाल जबरन भूमि पर नींव खोद रहे हैं। विरोध करने पर विवाद और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। एक वर्ष बीतने के बाद भी मेड़ बंदी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है और कानूनगो स्तर पर मामले को लंबित रखा गया। उन्होंने कई बार अधिकारियों के चक्कर लगाए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से देखते हुए तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित राजस्व निरीक्षक रामकुमार श्रीवास्तव के निलंबन के निर्देश दिए। साथ ही प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित