शाहजहांपुर , अक्टूबर 17 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा अपर्णा मिश्रा को एक दिन के लिए जीआरपी थाना प्रभारी बनाया गया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली को समझने के साथ रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।

जीआरपी इंस्पेक्टर रमाकर यादव ने छात्रा का स्वागत कर उन्हें थाने में होने वाले कार्यों, पुलिस की जिम्मेदारियों और ड्यूटी रजिस्टर के रखरखाव की जानकारी दी। छात्रा ने थाने के विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन भी किया। इसके बाद उन्हें रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कराकर सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए जाने वाले प्रबंधों से अवगत कराया गया।

इंस्पेक्टर रमाकर यादव ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित