शाहजहांपुर , जून 12 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित मिलिट्री कैंट क्षेत्र में सेना की वर्दी पहनकर स्वयं को ब्रिगेडियर बताने वाले एक युवक को सेना और मिलिट्री पुलिस ने हिरासत में लिया है। उसके साथ मौजूद दो बाउंसर और एक चालक को भी पूछताछ के लिए पकड़ा गया है। लग्जरी कार से फर्जी पहचान पत्र और एक नकली पिस्टल बरामद की गई है। एडमिन कमांडेंट कर्नल जे.एस. जगरान ने शुक्रवार को बताया कि सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित शहीद संग्रहालय परिसर में सेना मुख्यालय के कर्मचारियों ने आर्यन वर्मा (21) नामक युवक को पकड़ा, जो सेना के ब्रिगेडियर की वर्दी, मेडल और अन्य प्रतीक चिह्नों का उपयोग कर स्वयं को वरिष्ठ सैन्य अधिकारी बताता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह शाहजहांपुर और आसपास के क्षेत्रों में इसी वेशभूषा में घूमता था।
कर्नल जगरान के अनुसार आरोपी की लग्जरी कार पर सेना की स्टार प्लेट और सैन्य ध्वज लगा हुआ था। उसके चालक के पास से एक कथित सरकारी पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। आरोपी के साथ मौजूद दो व्यक्ति काले रंग की वर्दी में थे, जिन्हें वह एनएसजी कमांडो बताकर अपनी सुरक्षा में तैनात होने का दावा करता था।
उन्होंने बताया कि सेना में ब्रिगेडियर का पद अत्यंत वरिष्ठ और जिम्मेदारी वाला होता है, जिस तक पहुंचने के लिए वर्षों की सेवा और अनुभव आवश्यक होता है। ऐसे में 21 वर्षीय युवक द्वारा स्वयं को ब्रिगेडियर बताना गंभीर संदेह पैदा करता है। जांच के दौरान बरामद पहचान पत्र पर आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (एएफएमसी) के डीन की कथित मुहर लगी मिली, जिसे प्रारंभिक तौर पर फर्जी माना जा रहा है। इसके अलावा आरोपी के पास से सेना के अधिकारियों द्वारा उपयोग में लाया जाने वाला रेजिमेंटल केन (छड़ी) तथा एक नकली पिस्टल भी बरामद की गई है। चालक को भी कथित रूप से फर्जी सरकारी पहचान पत्र उपलब्ध कराया गया था।
कर्नल जगरान ने बताया कि सेना की खुफिया इकाई अप्रैल माह से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी और शुक्रवार को उसे हिरासत में ले लिया गया। मामले की जांच के लिए बरेली से सेना की विशेष इंटेलिजेंस टीम भी शाहजहांपुर पहुंच रही है।
उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी सेना के वरिष्ठ अधिकारी का रूप धारण कर कैंट क्षेत्र में क्यों आ-जा रहा था और उसके पीछे क्या उद्देश्य था। फिलहाल मिलिट्री पुलिस और सेना की खुफिया एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित