शाहजहांपुर , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना मदनापुर क्षेत्र में रविवार रात बारात के दौरान बुग्गी तथा बैंड बाजे वाले के तय रूपये न देने पर हुए विवाद पर पहुंची पीआरवी112 के पुलिस कर्मियों के साथ मार पीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर प्रियांक जैन ने सोमवार को बताया कि थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव हैदलपुर के रहने वाले अमरपाल सिंह के यहां बारात के दौरान बैण्ड बाजा तथा बग्गी के तय रूपये के भुगतान को लेकर विवाद हो गया था।सूचना पर पहुंची पीआरवी-112 के पुलिस कर्मी विवाद को शांत करा रहे थे कि तभी बारात मौजूद महिला और पुरुषों ने पुलिस कर्मियों मोहित कुमार और महेंद्रपाल से अभद्रता करते हुई उनके साथ मार पीट करना शुरू कर दिया इस दौरान पुलिस कर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी। इस दौरान बॉडीवॉर्न कैमरा क्षतिग्रस्त कर दिया गया।जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

उन्होंने बताया कि पीआरवी कांस्टेबल मोहित कुमार की तहरीर के आधार पर आरोपी ऋषि पाल ,बलराम ,गोपाल,अमित महिला प्रीति सहित पांच लोगों के खिलाफ धारा191(2)/121(1)/121 (2)/132/352/351(3)/324(4) बीएनएस मुकदमा दर्ज कर सभी लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित