शाहजहांपुर , नवंबर 03 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना निगोही क्षेत्र में मंगलवार को मामूली विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से कुछ देर पहले ही महिला मायके से घर लौटी थी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने बताया कि निगोही क्षेत्र के त्रिलोकीपुर गांव में एक महिला को गोली लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि शिवम ने अपनी पत्नी रेशमा (22) को तमंचे से गोली मार दी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि शिवम और रेशमा की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मंगलवार दोपहर रेशमा मायके से घर लौटी थी। इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जिस पर शिवम ने उसे गोली मार दी।

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आरोपी पति को मौके से हिरासत में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित