शाहजहांपुर , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पति की हत्या के मामले में पिछले छह वर्षों से फरार चल रही 25-25 हजार रुपये की इनामी पत्नी और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने रविवार को बताया कि थाना तिलहर क्षेत्र में सतीश चंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के मामले में वर्ष 2020 में लेखराज की तहरीर पर प्रेमपाल, वीरावती, सुनीता गंगवार और कपिल गंगवार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर प्रेमपाल और वीरावती की संलिप्तता असत्य पाई गई। जांच में सामने आया कि मृतक सतीश चंद्र तिलहर में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता था तथा उसकी पत्नी सुनीता गंगवार का अपने ही ननदोई कपिल गंगवार से प्रेम संबंध था।
पुलिस के अनुसार अवैध संबंधों की जानकारी होने पर सतीश चंद्र ने इसका विरोध किया था। इसी रंजिश में सुनीता गंगवार (39) और कपिल गंगवार (34) ने योजनाबद्ध तरीके से सतीश के भोजन में विष मिलाया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे, जिन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों आरोपी पहचान छिपाकर हिमाचल प्रदेश के बद्दी थाना क्षेत्र के ग्राम झाड़माजरी में रह रहे थे। इस दौरान कपिल गंगवार सोलन जिला स्थित माउंटेन वैली पब्लिक स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्य कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सरयू पुलिया क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित