शाहजहांपुर , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के रावतपुर गांव में एक किशोर की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई।

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने शनिवार को बताया कि रावतपुर निवासी कमलेश कुमार (17) का शव उसके घर से करीब 200 मीटर दूर पंचायत भवन के पास मिला। मृतक के सिर पर किसी वजनदार वस्तु से प्रहार कर हत्या किए जाने के संकेत मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार कमलेश एक ईंट-भट्ठे पर काम करता था। शुक्रवार शाम वह काम से लौटकर अपने कमरे में चला गया था, लेकिन शनिवार सुबह उसका शव पंचायत भवन के पास पाया गया।

एसपी ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित