शाहजहांपुर , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पुवायां थाने में तैनात दरोगा का शव शनिवार को उनके सरकारी आवास के बाथरूम से बरामद किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भंवरे ने बताया कि क्राइम इंस्पेक्टर राजेश कुमार (45) सरकारी आवास में रहते थे। शनिवार सुबह ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर सहकर्मियों ने उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला। इसके बाद पुलिसकर्मी आवास पहुंचे, जहां उनका शव बाथरूम में फर्श पर पड़ा मिला।

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल पुवायां अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।राजेश कुमार उन्नाव जिले के निवासी थे और अगस्त 2025 में पुवायां थाने में क्राइम इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हुए थे। प्रारंभिक तौर पर चिकित्सकों ने हृदयाघात से मृत्यु की आशंका जताई है। मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित