शाहजहांपुर , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना खुटार क्षेत्र में बारिश से बचने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर तिरपाल बांध रहे कांवड़ियों को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे दो कांवड़िये घायल हो गए। हादसे से आक्रोशित कांवड़ियों ने खुटार-पुवायां मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद कई घंटे बाद जाम खुल सका।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने बुधवार को बताया कि थाना खुटार क्षेत्र के अठकोना गांव की मोड़ के पास तेज बारिश होने पर कांवड़ियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली रोककर तिरपाल बांधना शुरू किया। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में धनसिंहपुर गांव के रहने वाले दो कांवड़िये राजेश और मुकेश घायल हो गए।

उन्होंने बताया सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल राजेश को बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर कर दिया गया। घटना से नाराज कांवड़ियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर खड़ी कर जाम लगा दिया।सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा कांवड़ियों से वार्ता कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद कांवड़ियों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।तहरीर के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित