शाहजहांपुर , मई 18 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में थाना रोजा पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने सोमवार को डकैती की योजना बना रहे अंतरराज्यीय गिरोह के पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिहार से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, अवैध स्मैक, तमंचे, कारतूस, नकब लगाने के उपकरण और एक लग्जरी इनोवा कार बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने सोमवार को बताया कि थाना रोजा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ शातिर अपराधी वाहन में सवार होकर क्षेत्र में डकैती डालने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने परी नमकीन फैक्ट्री तिराहे के पास घेराबंदी कर इनोवा कार में सवार पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मगरुर (50), मिदरी (45), पतले (35), अवराम (30) तथा राहुल तोमर (30) के रूप में हुई है। इनमें राहुल तोमर बदायूं जनपद का निवासी है, जबकि अन्य चारों शाहजहांपुर जिले के मदनापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार अभियुक्तों के पास से 103 ग्राम सोने के जेवरात, 780 ग्राम चांदी के आभूषण, 6.5 ग्राम अवैध स्मैक, देशी तमंचा, कारतूस, नकब लगाने के उपकरण, टोयोटा इनोवा कार, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, पर्स और नकदी बरामद की गई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह चलाकर उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में चोरी और डकैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। बरामद जेवरात दो-तीन दिन पहले बिहार राज्य के गया जिले के थाना फतेहपुर क्षेत्र स्थित रघुनाथपुर गांव में एक घर में चोरी के दौरान लूटे गए थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह वारदातों को अंजाम देने के लिए मगरुर की बहन के नाम पर पंजीकृत टोयोटा इनोवा कार का इस्तेमाल करता था, ताकि पुलिस को शक न हो और वारदात के बाद तेजी से फरार हुआ जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित