शाहजहांपुर , मई 17 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना कांट क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार डंपर ने सवारियों से भरे एक टेंपो में जोरदार टक्कर मार देने से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने आज बताया कि थाना कांट कस्बे के कमलनयनपुर तिराहा के पास सवारी से भरा टेंपो जलालाबाद की तरफ जा रहा था। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाएं राम क्षत्रिय (28), गुड़िया (40) और एक पुरुष कल्लू (45) की मौके पर ही मौत है गई। जबकि चार वर्षीय कृष्णा ,अयान मुस्कान और अनूप गंभीर रूप से घायल हुए है। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह से घायल सवारियों को टेंपो से बाहर निकल गया।

उन्होंने बताया सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया जिससे स्टेट हाईवे पर लंबा जाम लग गया। घायलों के बेहतर इलाज के लिए चिकित्साओं को निर्देशित किया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डंपर को कब्जे में लेकर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित