शाहजहांपुर , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के जैतीपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में दो कांवड़ियों की मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि थाना जैतीपुर क्षेत्र के बमिहाना गांव के कांवड़ियों का दल गुरुवार देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली से बदायूं जिले के दातागंज स्थित डांडी घाट से रामगंगा नदी से जल लेकर जलाभिषेक के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नवादा मोड़ पर दातागंज की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कांवरियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलट गई। दुर्घटना में बमिहाना गांव निवासी दो लोग अमन (22) और गुड्डू (26) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक के बाद तीन गम्भीर रूप से घायल कावड़ियों को मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। चालक का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित