शाहजहांपुर , जून 18 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के मदनापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को आपसी विवाद के बाद एक व्यक्ति ने कथित रूप से पत्नी पर तेजाब से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। झुलसी महिला को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने बताया कि थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव चाहरपुर के रहने वाले सत्यवीर का उनकी पत्नी मंजू देवी (45) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। गुस्से में सत्यवीर ने अपनी पत्नी को एक कमरे में ले जाकर उसके ऊपर तेजाब डाल दिया जिससे पत्नी का चेहरा और शरीर बुरी तरह से झुलस गया। चीख पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में मंजू को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मदनापुर ले गए। हालत गम्भीर होने पर डॉक्टर ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।

उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन कर आरोपी पति के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज लिया है। गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित