शाहजहांपुर , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने मंगलवार को जिले में व्यापक निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए 15 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए। इस दौरान गंदगी में रखे करीब 43 किलोग्राम लॉज को मौके पर नष्ट कराया गया, जबकि बिना खाद्य लाइसेंस संचालित एक प्रतिष्ठान को बंद करा दिया गया और 1200 लीटर राइस ब्रान ऑयल सीज किया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। जलालाबाद स्थित संजीव कुमार गुप्ता ऑयल मर्चेन्ट के प्रतिष्ठान से सरसों तेल का नमूना लिया गया। यहां रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल और सरसों तेल के पैकेट एवं बोतलों पर उपभोक्ताओं के लिए आवश्यक सूचनाएं सही ढंग से अंकित नहीं मिलीं। इस पर निर्माता को नोटिस जारी कर नए रैपर लगवाने के निर्देश दिए गए।इसी प्रतिष्ठान पर लखीमपुर खीरी की राघव इंटरप्राइजेज से आए 15 लीटर क्षमता के 80 टीन राइस ब्रान ऑयल मिले। टीन गंदे, जंग लगे और पुराने पाए गए। तेल के नमूने को जांच के लिए भेजते हुए जांच रिपोर्ट आने तक 1200 लीटर तेल सीज कर दिया गया। सीज तेल का अनुमानित करीब मूल्य 01 लाख 56 हजार रुपये बताया है।
तिवारी ने बताया कि कलान क्षेत्र के सहबंगापुर में अनिल लॉज विक्रेता के कारखाने पर छापेमारी के दौरान लॉज का एक नमूना लिया गया। यहां अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे छह ट्रे में करीब 18 किलोग्राम लॉज, जिसकी अनुमानित कीमत 2,700 रुपये थी, मौके पर नष्ट कराया गया। प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस नहीं मिलने पर उसे तत्काल बंद करा दिया गया तथा संबंधित धाराओं में परिवाद दायर करने की कार्रवाई की जा रही है।तथा महुआ डांडी में चंद्रकिशोर के मिठाई कारखाने में स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी किया गया। पुवायां स्थित श्याम स्वीट्स से बर्फी का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। इसी तरह निगोही रोड, कहमारा स्थित राजेंद्र प्रसाद के लॉज कारखाने पर छापेमारी के दौरान अस्वच्छ दशा में रखे आठ ट्रे में करीब 25 किलोग्राम लॉज, जिसकी कीमत करीब 3,700 रुपये थी, मौके पर नष्ट कराया गया। एक ड्रम में गंदे हालत में रखा लॉज बनाने का घोल भी नष्ट कराया गया तथा स्वच्छता संबंधी कमियों पर सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है।
विभाग के अनुसार अभियान के दौरान लिए गए सभी 15 नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित