शाहजहांपुर , अप्रैल 9 -- उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार को विकासखंड ददरौल के ग्राम शाहबाज नगर में 111.88 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे। यह निर्माण कार्य त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत किया गया है। श्री खन्ना ने बताया कि शाहबाज नगर के अलावा सुभाष नगर अजीजगंज, सामदगंज गोटिया और भावल खेड़ा सहित कुल पांच स्थानों पर सामुदायिक भवनों का निर्माण स्वीकृत हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से सामुदायिक भवन की मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन भवनों के निर्माण से स्थानीय लोगों को छोटे-बड़े सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। साथ ही, विभिन्न उत्सव और सामुदायिक गतिविधियां अब आसानी से संपन्न हो सकेंगी। मंत्री ने कहा कि सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित