शाहजहांपुर , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के थाना सदर बाजार क्षेत्र में करीब एक वर्ष पूर्व अपहृत हुई किशोरी की हत्या का खुलासा करते हुए उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग के दौरान हुए विवाद में आरोपी ने किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी थी और शव को नहर में दफन कर दिया था।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने शनिवार को बताया कि सदर बाजार क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी 19 जून 2025 को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। 22 जून 2025 को उसका शव घर से लगभग 25 किलोमीटर दूर एक नहर से बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हुई चैटिंग सहित इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी ऋतिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसका किशोरी से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच हुए विवाद के बाद उसने किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को नहर में दफन दिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित