शाहजहांपुर , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के मिर्जापुर क्षेत्र में नेक मांगने को लेकर इलाके के बंटवारे के चलते किन्नरो दो गुटों में चल रहे पुराने विवाद के चलते शुक्रवार रात चलती कार पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में एक किन्नर सहित दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने शनिवार को बताया कि थाना मिर्जापुर क्षेत्र के ढाई रोड निवासी सोनम किन्नर अपने साथी राहुल शर्मा के साथ कार से मिर्जापुर से कलान जा रही थी।तभी पिड़रा गांव की पुलिया के पास पहले से घात लगाए हमलावरों ने कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से कार चालक राहुल शर्मा घायल हो गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में उतर गई। इसके बाद भी हमलावरों ने कार पर कई राउंड फायरिंग की और फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में पता चला कि किन्नर सोनम पक्ष और चांदनी पक्ष में नेक मागने और इलाके के बटवारे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इस रंजिश को लेकर शाहजहांपुर और बदायूं जिले के विभिन्न थानों में दोनों पक्षों के विरुद्ध पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। शुक्रवार रात चंदनी पक्ष के लोगो ने कार सवार दूसरे पक्ष किन्नर सोनम और राहुल पर जान से मारने की नियत से ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसमें दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।जिनका मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित