शाहजहांपुर , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के खुटार क्षेत्र में कार की टक्कर से एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने खुटार-गोला हाईवे पर जाम लगा दिया, जिसे पुलिस के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे बाद समाप्त कराया जा सका।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भंवरे ने शनिवार को बताया कि बरेली जिले के गुलड़िया थाना क्षेत्र के बरनाई गांव से लगभग 45 शिवभक्त बीती देर शाम कछला घाट से गंगाजल लेकर गोला गोकर्णनाथ जा रहे थे। इसी दौरान महुरेना के पास गोला की ओर से आ रही एक कार ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में दीपक कुमार (17), विकास तथा दीनदयाल घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में दीपक कुमार की मृत्यु हो गई।
घटना से नाराज कांवड़ियों ने खुटार-गोला हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार की पहचान कर उसे ट्रेस कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित